Bettiah. रवि कुमार मिश्रा
बेतिया/नरकटियागंज। शिकारपुर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सक्रियता से वीते 23 सितंबर से लापता दो नाबालिग छात्राओं को उत्तर प्रदेश के अयोध्या शहर से सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस दोनों छात्राओं को सुरक्षित नरकटियागंज ले आई है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं 23 सितंबर को अपने घर से कराटे क्लास जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद शिकारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर छात्राओं की स्थिति अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में ट्रेस की। इसके बाद शिकारपुर पुलिस ने तत्काल अयोध्या पुलिस से संपर्क स्थापित किया और उनके सहयोग से दोनों छात्राओं को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बरामद की गई दोनों छात्राओं को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए भेज दिया गया है। न्यायालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं आदेश के आलोक में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



