स्वास्थ्य विभाग की जांच से निजी अस्पतालों में मचा हड़कंप, आगे भी होगी जांच।
Bettiah. रवि कुमार मिश्रा
बेतिया/नरकटियागंज। नगर में अवैध रूप से संचालित निजी स्वास्थ्य केंद्रों और अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर प्रशासन का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की पांच सदस्यीय टीम ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस अचानक हुई कार्रवाई से निजी अस्पताल और पैथोलॉजी संचालकों में हड़कंप मच गया, जिसके चलते अस्पताल रोड पर कई दुकानों के शटर आनन-फानन में गिर गए।
जांच अभियान के दौरान अस्पताल रोड स्थित बिना नेम प्लेट के चल रहे एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। इसके अलावा, टीम ने अस्पताल रोड स्थित ओम अल्ट्रासाउंड सेंटर और साईं अल्ट्रासाउंड सेंटर समेत पुरानी बाजार रोड के कई निजी अस्पतालों की भी गहन जांच की। टीम ने सभी सेंटर व अस्पताल संचालकों से रजिस्ट्रेशन, निर्धारित टेक्नीशियन के प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की मांग की। मौके पर कुछ संचालकों ने कागजात दिखाए, वहीं दस्तावेज न दिखा पाने वाले संचालकों को तय समय के भीतर विभागीय कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
अस्पताल प्रबंधक बिपिन राज ने बताया कि वरीय अधिकारियो के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। जांच आगे भी जारी रहेगी। इस जांच टीम में शामिल सदस्य में मुख्य रूप से डॉ. गोविंद चंद्र शुक्ला,विपिन राज, नंदू सिंह,मोहम्मद राशिद और सत्या पांडेय शामिल थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साफ कर दिया है कि नगर में संचालित अन्य सभी निजी अस्पतालों व जांच केंद्रों की भी जांच की जाएगी। मानकों पर खरे न उतरने वाले और बिना निबंधन के चल रहे प्रतिष्ठानों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होना तय है।




