Bettiah,रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। प्रखण्ड के भसुरारी गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। बिजली नहीं रहने से लोगों के घरों के रोजमर्रा के कामकाज के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियां भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। बिजली के अभाव में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पूरी रात का अंधेरा और बिजली से चलने वाले सभी उपकरण बंद हो गए है।स्थानीय बलिंद्र शर्मा, आजाद मियां, इजहारुल मियां, मदन यादव, कृष्णा श्रीवास्तव, कन्हैया श्रीवास्तव, बिरेन्द्र कुशवाहा और सुजीत चौबे आदि ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना विभाग को समय पर दे दी गई थी। बावजूद इसके, अब तक न तो जला हुआ ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही उसकी मरम्मत की गई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है। इस मामले में कनीय अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि भसुरारी गांव में ट्रांसफार्मर जलने की सूचना मिली है। विभाग इसके समाधान के लिए प्रयासरत है। मंगलवार को संभवतः नया ट्रांसफार्मर पहुंच जाएगा, जिसके बाद उसे बदलकर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।



