HomeBIHARबेतियाशॉर्ट सर्किट से देव क्रिएशन सर्विस सेंटर में लगी आग, मची अफरा-तफरी

शॉर्ट सर्किट से देव क्रिएशन सर्विस सेंटर में लगी आग, मची अफरा-तफरी

बिशनपुर वार्ड-14 में दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, आग से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए अंचल अमीन करेंगे जांच

देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।

लौरिया। थाना क्षेत्र के बिशनपुर वार्ड संख्या-14 में सोमवार की शाम देव क्रिएशन सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सर्विस सेंटर से उठती आग की लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुटे रहे। हालांकि, आग से सर्विस सेंटर में रखे उपकरणों, सामान और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन नहीं हो सका।

लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। वहीं, अंचलाधिकारी आशु रंजन ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अंचल अमीन को घटनास्थल पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सरकारी मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular