पिकअप से टकराकर पलटा टोटो, पांच वर्षीय राजनंदनी की गई जान; बाइक की ठोकर से 30 वर्षीय तुलसी साह की मौत, बाईक चालक युवक गंभीर, बेतिया रेफर
देश वाणी। नौशाद अहमद. लौरिया।
लौरिया। लौरिया-बगहा मुख्य मार्ग पर सड़क हादसों में एक पांच वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। अलग-अलग घटनाओं में एक टोटो सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकराकर पलट गया, जबकि दूसरी घटना में तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसों में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल । दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पहली घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे छोटी मस्जिद के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, बगहा पुलिस जिले के बथवरिया थाना क्षेत्र के पिपरा भटैया गांव निवासी रौशन शुक्ला अपनी पत्नी, पांच वर्षीय पुत्री राजनंदनी और अन्य परिजनों के साथ टोटो से छठ पर्व की खरीदारी करने लौरिया आ रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े कैनवास पिकअप से टोटो पीछे से टकरा गया। टक्कर के बाद टोटो सड़क पर पलट गया, जिससे राजनंदनी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पर्व की खरीदारी के लिए निकले परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
दूसरी घटना शाम को लौरिया-बगहा मुख्य मार्ग पर बिशुनपुरवा गांव के समीप हुई। यहां तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से सिसवनिया पंचायत के बिशुनपुरवा वार्ड संख्या-12 निवासी स्वर्गीय जगमोहन साह के पुत्र तुलसी साह (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चालक योगापट्टी थाना क्षेत्र के पोखरवा टोला ओझवलिया वार्ड संख्या-4 निवासी मधु महतो का पुत्र राहुल कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एनएच एंबुलेंस से लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. कौशल किशोर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।
लौरिया थाना ध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजनें की प्रकिया की जा रही है।
सड़क किनारे खड़े वाहनों से हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-727 पर सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। छोटी मस्जिद के समीप खड़े पिकअप से टोटो की टक्कर में मासूम की मौत ने एक बार फिर इस समस्या को उजागर किया है। लोगों ने सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



