देश वाणी । दिलीप दुबे
मोतिहारी। शहर के एक कोचिंग संस्थान में रविवार को लोकतंत्र बनाम अराजकता विषय पर एक युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए और लोकतांत्रिक मूल्यों व राष्ट्रहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार ने शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक प्रमोद कुमार ने युवाओं से कहा कि लोकतंत्र महज एक शासन प्रणाली नहीं है, बल्कि यह जनता की सहभागिता, संवैधानिक मूल्यों और देश की एकता-अखंडता की नींव है। लोकतंत्र को सशक्त बनाए रखने के लिए आज की युवा पीढ़ी का जागरूक और सक्रिय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने आगाह किया कि कुछ विरोधी ताकतें आज झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति लोगों के मन में अविश्वास पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में युवाओं का कर्तव्य है कि वे इन साजिशों के प्रति सतर्क रहें और तथ्यों व तर्कों के आधार पर अपनी बात मजबूती से रखें।
विशिष्ट अतिथि एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ बाहरी ताकतें कथित प्रोपेगेंडा के जरिए देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की फिराक में हैं। उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को भ्रमित करके समाज में अविश्वास और अराजकता का माहौल तैयार करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस तरह के किसी भी दुष्प्रचार का करारा जवाब दें और हमेशा राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मर्यादाओं तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहें। मंच संचालन भाजपा उत्तरी मंडल के महामंत्री निखिल राज ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अरुण यादव, भास्कर कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



