देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और समय-सारणी के बेहतर प्रबंधन को लेकर एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। पूर्व-मध्य रेलवे क्षेत्र से गुजरने वाली और यहां से संचालित होने वाली 10 जोड़ी प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनों को नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी में तब्दील कर दिया गया है। इन ट्रेनों के स्वरूप में बदलाव के साथ ही इनके ट्रेन नंबर और परिचालन तिथियों में भी संशोधन किया गया है। इस बदलाव से मोतिहारी, सुगौली, रक्सौल और नरकटियागंज सहित उत्तर बिहार के लाखों रेल यात्रियों की दिनचर्या और यात्रा की योजना सीधे तौर पर प्रभावित होगी।
प्रमुख ट्रेनों के बदले गए नए नंबर और तिथियां
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार, कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के नंबर और उनके नये नम्बर के साथ परिचालन के शुरुआत की तारीखें घोषित कर दी गयी हैं। जिसके अनुसार, गाड़ी संख्या 12545/12546 रक्सौल – लोकमान्य तिलक टर्मिनल कर्मभूमि एक्सप्रेस अब रक्सौल से 7 जनवरी से नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी में नए नंबर 15545 और लोकमान्य तिलक टर्मिनल से 2 जनवरी से नये नम्बर 15546 के साथ पटरियों पर दौड़ेगी। इसी तरह बापूधाम मोतिहारी रूट की सबसे लोकप्रिय गाड़ी नम्बर 12557/12558 सप्तक्रांति सुपरफास्ट ट्रेन अब संशोधित होकर नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी के नए ट्रेन नंबर 15577 और 15578 के साथ 01 जनवरी से अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी। जबकि रक्सौल रूट से चलने वाली दरभंगा – जयनगर अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22551 अब नए नंबर 15541 के साथ 02 जनवरी से और वापसी में ट्रेन संख्या 22552 अब नए नंबर 15542 के साथ 03 जनवरी 2027 से चलाई जाएगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर सभी संबंधित स्टेशनों और जोनल अधिकारियों को इन बदलावों की अग्रिम सूचना दे दी है।
सप्तक्रांति सुपरफास्ट का चंपारण के रेल यात्रियों पर प्रभाव
चंपारण क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 12557/12558 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस लाइफलाइन मानी जाती है। मुजफ्फरपुर और आनंद विहार (दिल्ली) के बीच मोतिहारी रूट से प्रतिदिन चलने वाली यह ट्रेन पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के यात्रियों के बीच सबसे अधिक लोकप्रिय और व्यस्ततम ट्रेनों में से एक है। इसके नॉन-सुपरफास्ट में परिवर्तित होने से इस रूट के यात्रियों पर मिला-जुला प्रभाव पड़ेगा। एक तरफ इस ट्रेन के नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी में तब्दील होने से इसके किराए में कमी आने की संभावना है, जिससे दिल्ली आने-जाने वाले आम यात्रियों, मध्यम वर्ग और दैनिक सफर करने वालों की जेब पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा। साथ ही कई नये स्टेशनों पर भी इसके ठहराव या समय-सारणी में परिचालन सुगमता मिल सकती है। वहीं दूसरी तरफ चूंकि यह ट्रेन अब सुपरफास्ट नहीं रहेगी, इसलिए इसकी औसत गति और समय-पालन पर असर पड़ सकता है, जिससे गंतव्य तक पहुंचने में थोड़ा अधिक समय लग सकता है। यात्रियों को अब अपनी यात्रा की योजना नए ट्रेन नंबर 15577/15578 और संशोधित समय-सारणी के अनुसार ही तय करनी होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे आगामी जनवरी 2027 से यात्रा करने से पहले अपने टिकट बुकिंग और ट्रेन के नए नंबरों की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।



