HomeBIHARबेतियादीपावली और छठ पर्व से पहले मानदेय नहीं मिलने से आवास सहायकों...

दीपावली और छठ पर्व से पहले मानदेय नहीं मिलने से आवास सहायकों में नाराजगी, पिछले 6 माह से नही मिला मानदेय काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

Bettiah, रवि कुमार मिश्रा।

बेतिया/नरकटियागंज।प्रखंड अंतर्गत कार्यरत 17 आवास सहायकों को पिछले कई महीनों से मानदेय न मिलने के कारण उनकी पारिवारिक स्तिथि दयनीय हो गई है। एक तरफ जहाँ दीपावली और छठ जैसे महापर्व कुछ ही दिनों की दूरी पर हैं, वहीं दूसरी तरफ वेतन न मिलने से इन कर्मियों के घरों में पर्व की खुशियां फीकी पड़ गई हैं। अपनी इस समस्या को लेकर सोमवार को आवास सहायकों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। आवास पर्यवेक्षक कुमार सुमित, सुशील कुमार और सहायक संजीव कुमार तिवारी, नसीम अख्तर, हेमंत कुमार, नीरज रंजन, धीरज कुमार, विशाल कुमार, नागेन्द्र कुमार, मनोज राम, संतोष कुमार समेत अन्य आवास सहायकों ने बताया कि वे पहले से ही बेहद अल्प मानदेय पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आज के इस मंहगाई के दौर में परिवार का गुजर-बसर करना वैसे ही मुश्किल होता है, ऊपर से पिछले 6 महीनों से मानदेय का भुगतान न होने के कारण उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और घर का खर्च चलाना भी दूभर हो गया है। कर्मियों ने अपनी लंबित मानदेय भुगतान की मांग से संबंधित एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी सौंपा है। त्योहार के इस सीजन में वेतन न मिलने से परेशान इन कर्मियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द बकाया मानदेय भुगतान कराने की पुरजोर गुहार लगाई है। इधर बीडीओ सुरज कुमार सिंह ने बताया कि आवास कर्मियों का मानदेय वास्तव में काफी लंबे समय से लंबित है। उन्होंने कहा कि कर्मियों की समस्या पूरी तरह जायज है और मानदेय के त्वरित भुगतान के लिए उनके आवेदन को आवश्यक एवं अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु वरीय अधिकारियों के पास भेजा जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular