नरकटियागंज : बिहार की राजधानी पटना की 18 वर्षीया छात्रा रविवार की शाम नरकटियागंज जंक्शन पर बरामद की गई। उपर्युक्त छात्रा के साथ सीतामढ़ी जिला के पिपरा थाना क्षेत्र के चैनपुरा निवासी अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अरविंद एनआईटी का विद्यार्थी है, जबकि छात्रा एक निजी कोचिंग में जेईई की कोचिंग में अध्ययनरत रही है। 05 अक्टूबर 2026 की सुबह 09 बजे, उसके पिता उसे कोचिंग में पढ़ने को पहुँचा कर गए। दोपहर 02 बजे जब भाई उसे घर ले जाने पहुंचा तो वह कोचिंग से गायब पायी गई। उसके लापता होने का काण्ड उसके पिता ने पटना के गांधी मैदान थाना में अंकित कराया ।
नरकटियागंज आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि बरामद छात्रा और आरोपी को पटना के गांधी मैदान थाना से आई सब इंस्पेक्टर पूजा पटेल को सौंप दिया गया है। पुलिस अग्रेत्तर कार्रवाई गांधी मैदान थाना की पुलिस करेगी। बताया जाता है कि छात्रा के गायब होने के पश्चात स्वजन ने उसकी एक सहेली से बात किया तो ज्ञात हुआ कि गिरफ्तार आरोपी के साथ छात्रा की बात होती रही। आरोपी के मोबाइल पर छात्रा के पिता संपर्क कर रहे, लेकिन वह फोन रिसीव नहीं करता रहा। वास्तव में छात्रा प्रीतिदिन मोबाइल लेकर कोचिंग जाती, लेकिन पांच अक्टूबर को वह मोबाइल घर पर ही छोड़ गई।



