देश वाणी ।नौशाद अहमद ।लौरिया
लौरिया। बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग एनएच-727 पर बेलवा मोड़ के समीप सोमवार को अचानक सड़क पर आए सियार से टकराने के बाद बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक सड़क पर आ गया सियार
बताया गया कि बथुवरिया थाना क्षेत्र के पिपरा भठईया निवासी इंद्राशन पासवान अपने पुत्र प्रकाश कुमार के साथ हीरो बाइक से बेतिया जा रहे थे। दोनों किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बेलवा मोड़ के पास अचानक सियार सड़क पर आ गया।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे पिता-पुत्र
सियार के अचानक सामने आ जाने से बाइक उससे टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
एनएच की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एनएच की एंबुलेंस से लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. जितेंद्र काजी ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।
गंभीर हालत में इंद्राशन बेतिया रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद इंद्राशन पासवान की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। वहीं उनके पुत्र प्रकाश कुमार का भी उपचार किया गया।
घायल प्रकाश ने बताई हादसे की वजह
घायल प्रकाश कुमार ने बताया कि वे दोनों बाइक से बेतिया जा रहे थे। रास्ते में अचानक सियार सामने आ जाने के कारण हादसा हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घायलों की पहचान
घायलों की पहचान बथुवरिया थाना क्षेत्र के पिपरा भठईया निवासी स्व. रतन पासवान के पुत्र इंद्राशन पासवान और उनके पुत्र प्रकाश कुमार के रूप में हुई है।



