देश वाणी। लौरिया।
लौरिया। एन एच-727 के लौरिया-बगहा मुख्य मार्ग पर सिरकहिया चौक के समीप रविवार देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे टहल रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए लौरिया सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान सिरकहिया चौक निवासी राजेश राम की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रविवार देर शाम सुनीता देवी अपने घर से निकलकर सड़क किनारे टहल रही थीं। इसी दौरान लौरिया की ओर से बगहा की तरफ जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों की मदद से परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सुनीता देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
“एनएच-727 पर लगातार हादसों से ग्रामीण चिंतित”
एनएच-727 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। सिरकहिया चौक समेत अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने और सड़क किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम की जरूरत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर गति नियंत्रण, पर्याप्त संकेतक और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।




