संवाददाता।
कोच्चि। भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आज से केरल के कोच्चि में दो दिवसीय ब्रिक्स महिला कार्य समूह (ब्रिक्स वूमेन वर्किंग ग्रुप) की बैठक की मेजबानी करेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने बताया कि ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी सभी क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण और महिला नेतृत्व वाले विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक साथ आएंगे। इसके साथ ही साझा प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा। यह बैठक सदस्य देशों को महिला नेतृत्व वाले विकास को गति देने और आम सहमति बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
मंत्रालय के अनुसार, ब्रिक्स महिला ट्रैक ने चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है। इनमें शासन व नेतृत्व में महिलाएं, महिलाओं का डिजिटल व वित्तीय समावेशन, महिला उद्यमिता व कौशल विकास और जलवायु कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा व पोषण में महिलाओं की भूमिका शामिल है। मंत्रालय ने कहा कि यह बैठक इस महीने की 8 और 9 तारीख को आयोजित होने वाली ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगी।












