चंपारण में स्थापित होगा गांधी, सुभाष और अटल का प्रेरणा पार्क
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कचहरी चौक स्थित पोस्ट ऑफिस परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं व नागरिकों को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने अटल जी के चंपारण संघर्ष को याद किया। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर 1974 को अटल जी लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए मोतिहारी आए थे। उन्होंने नगर भवन में जनसभा को संबोधित किया, कचहरी चौक व डीएम आवास पर धरना-प्रदर्शन किया और 24 सितंबर को अपनी गिरफ्तारी देकर जेल गए।
चंपारण की संघर्ष गाथा और प्रेरणा पार्क का संकल्प
सांसद ने कहा कि चंपारण की पावन भूमि हमेशा अन्याय के खिलाफ संघर्ष की साक्षी रही है। 1917 में महात्मा गांधी ने किसानों के शोषण के विरुद्ध सत्याग्रह किया। 1940 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूंका। 1974 में अटल बिहारी वाजपेयी ने आपातकालीन परिस्थितियों में लोकतंत्र व नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
श्री सिंह ने घोषणा की कि चंपारण की इस ऐतिहासिक और गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने के लिए इसी वर्ष मोतिहारी में इन तीनों महापुरुषों की प्रतिमाओं से सुसज्जित एक भव्य प्रेरणा पार्क विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहिब्बुल हक, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश सह-संयोजक मनोज पासवान, प्रवक्ता साजिद रजा, जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, आईटी सेल संयोजक ऋषभ झा, युवा मोर्चा अध्यक्ष बबलू पासवान, पार्षद संघ अध्यक्ष संजू निषाद, पार्षद रोचक झा, मनोज कुमार, सुदीप कुमार और चन्दन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




