देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। शहर के कचहरी चौक स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में विहंगम योग संत समाज के तत्वावधान में 103वें वार्षिकोत्सव समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव सह स्वर्वेद संदेश यात्रा का रविवार को आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में हजारों की संख्या में अनुयायी और श्रोता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज ने कहा कि गोवंश का संरक्षण और संवर्धन स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए अति आवश्यक है। उन्होंने भारतीय संस्कृति की रीढ़ माने जाने वाले गुरुकुलों के संरक्षण और विस्तार पर भी जोर दिया। ‘चलो दीप हम वहां जलाएं जहां अब भी अंधेरा है’ का आह्वान करते हुए उन्होंने समाज से गरीबी, अशिक्षा और अज्ञानता को जड़ मूल से समाप्त करने का संकल्प लेने को कहा। साथ ही, आगामी 14-15 दिसंबर को वाराणसी के उमरा स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम में आयोजित होने वाले 25 हजार कुंडीय विश्व शांति महायज्ञ में देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शामिल होने का निमंत्रण दिया।
स्थानीय आयोजन को सफल बनाने में प्रमोद कुमार सिंह, राम नरेश तिवारी, रत्नेश्वर शर्मा, मदन किशोर सिंह और अरविंद सिंह सहित कई शिष्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



