Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय तस्करों के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए सशस्त्र सीमा बल 44वीं वाहिनी और बिहार पुलिस की संयुक्त करवाई में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने मांगुराहा सीमा क्षेत्र से 7.705 किलोग्राम वजन का भगवान गौतम बुद्ध की अत्यंत कीमती पीली धातु की प्रतिमा के साथ दो तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया। यह कार्रवाई गुरुवार 17 सितंबर की शाम 6:45 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जनाकारी के अनुसार भारत नेपाल अंतराष्ट्रीय सीमा के पिलर संख्या-441 से करीब 6.2 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में एसएसबी के सामान्य निरीक्षक अरुण कुमार सिंह अपनी टीम के साथ संयुक्त गश्त पर थे। उसी दौरान मांगुराहा सैनिक रोड की ओर से एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध आते दिखे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूटी को रोककर सघन तलाशी ली। जांच के दौरान स्कूटी की सीट के नीचे एक थैले में छुपाकर रखी गई भगवान बुद्ध की पीली धातु की प्रतिमा बरामद हुई। मौके से तस्करों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पश्चिम चंपारण जिला अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र के कंगहुसरी गाव निवासी 40 वर्षीय साहिद अंसारी पिता- शकूर अंसारी और सबुनी गाव निवासी 30 वर्षीय सुद्दू खान पिता- मकसूद मियां के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बताया है कि इस प्राचीन मूर्ति को बेचकर मोटी रकम कमाने की फिराक में थे। निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जब्त मूर्ति, स्कूटी और मोबाइल फोन के साथ दोनों तस्करों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गौनाहा पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।



