दाखिल-खारिज और परिमार्जन के लंबित मामलों के निष्पादन में मिलेगी मदद
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। राजस्व कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की पहल की है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देश पर लौरिया अंचल में 10 विशेष सर्वेक्षण अमीनों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके माध्यम से दाखिल-खारिज, परिमार्जन समेत अन्य लंबित राजस्व मामलों के निष्पादन में तेजी लाने की तैयारी है। हालांकि, राजस्व संबंधी जिम्मेदारी संभालने से पहले सभी अमीनों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विभागीय निर्देश के आलोक में प्रतिनियुक्त किए गए विशेष सर्वेक्षण अमीनों में विभव कुमार, दिनेश कुमार, विवेक कुमार, तेजस्वी राय, मनीष कुमार, उत्कर्ष कुमार, अक्षय कुमार, सोनू कुमार, चंदन कुमार सिंह और महेश यादव शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सभी 10 अमीनों को 6 से 10 नवंबर तक लौरिया अंचल कार्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 11 से 20 नवंबर तक जिला स्तर पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित होगा। इस दौरान उन्हें राजस्व संबंधी कार्यों की विभागीय प्रक्रिया, तकनीकी जानकारी और लंबित मामलों के निष्पादन से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इनसे राजस्व संबंधी कार्यों का निष्पादन कराया जाएगा।
गौरतलब है कि राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल के कारण दाखिल-खारिज, परिमार्जन समेत कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे अंचल कार्यालय में लंबित आवेदनों की संख्या बढ़ रही है और आम लोगों को अपने जरूरी काम के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस संबंध में अंचल अधिकारी आशु रंजन ने बताया कि राजस्व कर्मियों की हड़ताल के कारण आम लोगों के कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित हो रहे हैं। लोगों को राजस्व सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं हो और अंचल कार्यालय का कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए विभागीय निर्देश पर 10 विशेष सर्वेक्षण अमीनों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि पहले अंचल स्तर पर और फिर जिला स्तर पर सभी अमीनों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनसे राजस्व संबंधी कार्यों का निष्पादन कराया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि आम लोगों को राजस्व सेवाओं के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़े और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके।



