HomeBIHARमोतिहारीमोदी के जन्मदिन पर रंगोली में दिखीं जनकल्याणकारी योजनाएं

मोदी के जन्मदिन पर रंगोली में दिखीं जनकल्याणकारी योजनाएं

– रावे विद्यार्थियों ने कृषि विज्ञान केंद्र में बनाई आकर्षक रंगोली, दीप जलाकर मनाया जन्मोत्सव

माला सिन्हा

पीपराकोठी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार की संध्या कृषि विज्ञान केंद्र में टीसीए, ढोली के रावे विद्यार्थियों ने रचनात्मक अंदाज में जन्मदिन समारोह मनाया. विद्यार्थियों ने परिसर में आकर्षक रंगोली तैयार कर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके उद्देश्यों को रंगों के माध्यम से उकेरा. रंगोली के जरिए आम लोगों के लिए संचालित योजनाओं तथा उनसे मिलने वाले लाभों को सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया गया. रंगोली में विभिन्न योजनाओं के प्रतीकों और संदेशों को शामिल किया गया, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया. विद्यार्थियों की इस पहल ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया. रंगोली देखने के लिए लोग कुछ देर रुकते रहे और विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की. रंगोली तैयार करने के बाद रावे विद्यार्थियों ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में दीप जलाए और प्रधानमंत्री के जन्मदिन की खुशियां साझा कीं. विद्यार्थियों ने कहा कि रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया गया है. इधर, प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला. कार्यकर्ताओं ने पीपराकोठी स्थित शिवमंदिर सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मठ-मंदिरों में दीप जलाकर जन्मदिन मनाया. कई कार्यकर्ताओं ने अपने घरों के दरवाजे पर भी दीपक जलाए. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की. जन्मदिन के मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में बनाई गई रंगोली और दीप प्रज्वलन कार्यक्रम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular