Homeबिहारतुरकौलिया के जयसिंहपुर में राजकीय डिग्री कॉलेज का डीएम व विधायक ने...

तुरकौलिया के जयसिंहपुर में राजकीय डिग्री कॉलेज का डीएम व विधायक ने किया उद्घाटन, भूमिदाता के पौत्र शिक्षक मुकेश सिंह सम्मानित

-

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
तुरकौलिया प्रखंड अंतर्गत जयसिंहपुर स्थित रामउग्रह सिंह कुशवाहा उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय परिसर में नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेज, तुरकौलिया का विधिवत उद्घाटन बुधवार को भव्य समारोह के बीच किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला पदाधिकारी सौरव सुमन यादव एवं स्थानीय विधायक कृष्णनंदन पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कॉलेज का शुभारंभ किया। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, शिक्षाविद, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डॉ. विनय कुमार सिंह ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया। समारोह के दौरान विद्यालय के भूमिदाता स्वर्गीय रामउग्रह सिंह कुशवाहा के योगदान को याद करते हुए उनके पौत्र शिक्षक मुकेश सिंह को डीएम और विधायक द्वारा अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उनके परिवार के योगदान को सराहा गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णनंदन पासवान ने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब कॉलेज के खुलने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिलाधिकारी सौरव सुमन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है। उन्होंने छात्रों से नियमित अध्ययन करने और इस नए संस्थान का पूरा लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कॉलेज प्रशासन को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि, सदर एसडीएम अरुण कुमार, एलएनडी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मृगेंद्र कुमार, एमएस कॉलेज के प्राचार्य एम.एन. हक, कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य दुर्गेश मणि तिवारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक नवीन कुमार पांडेय सहित कई शिक्षक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षक आनंद भारती, रामकिशोर सिंह, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह, पूर्व मुखिया जेपी यादव, दिलीप यादव और अरुण यादव भी शामिल हुए।
समारोह के अंत में कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य दुर्गेश मणि तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार किया जाएगा।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts