-विधायक प्रमोद कुमार ने बच्चों की प्रतिभा सराही, कहा- विकसित भारत के निर्माण में नई पीढ़ी की अहम भूमिका
माला सिन्हा
पीपराकोठी : ‘मेरे सपनों का भारत सेवा चित्र’ अभियान के तहत शनिवार को राजकीय मध्य विद्यालय सूर्यपुर एवं सरस्वती विद्या निकेतन में चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को जीवंत रूप दिया. बच्चों ने स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत के साथ पर्यावरण संरक्षण, महिला शिक्षा, स्वच्छता एवं राष्ट्रप्रेम से जुड़े विषयों को चित्रों में उकेरा. प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे विधायक प्रमोद कुमार ने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों को देखा और उनकी प्रतिभा की सराहना की. उन्होंने कहा कि बच्चों के मन में देश के भविष्य की तस्वीर होती है. उनकी कल्पना और सोच को चित्रों के माध्यम से समझा जा सकता है. बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों में देश के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और बेहतर भविष्य की आकांक्षा स्पष्ट दिखाई देती है. विधायक ने कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजन बच्चों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं. इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी कल्पनाशक्ति को रचनात्मक दिशा में विकसित कर पाते हैं. उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में नई पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. इसके लिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अपनी रुचि और प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. प्रदर्शनी में बच्चों और शिक्षकों में भी खासा उत्साह देखा गया. इस अवसर पर पूर्व मुखिया रविंद्र सहनी, गौरीशंकर साह, गुंजन प्रकाश, राजू सिंह पटेल, सुजीत सिंह, संजय गिरी समेत अन्य लोग मौजूद थे.



