Motihari | दिलीप दुबे|
4 जून से चलेगी रक्सौल-तिरुपति साप्ताहिक एक्सप्रेस
धार्मिक यात्रा के साथ व्यापार और इलाज में भी मिलेगी मदद
मोतिहारी। बिहार के रेल यात्रियों, खासकर सीमावर्ती इलाकों और उत्तर बिहार के लोगों के लिए रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रक्सौल से तिरुपति के लिए सीधी साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू हो रही है। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रेन संख्या 17433/17434 के परिचालन की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। नेपाल की सीमा से सटे वीरगंज और उत्तर बिहार के श्रद्धालुओं को विश्व प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर के दर्शन के लिए डायरेक्ट ट्रेन मिल जाएगी। गाड़ी संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 4 जून से रक्सौल से अपनी पहली नियमित यात्रा शुरू करेगी। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को सुबह 03:15 बजे खुलकर शनिवार सुबह 09:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी। जबकि गाड़ी संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, तिरुपति से प्रत्येक सोमवार को सुबह 08:15 बजे खुलकर बुधवार को शाम 05:00 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
रक्सौल से खुलने के बाद यह ट्रेन सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, धनबाद, बोकारो स्टील सिटी, रांची, राउरकेला, रायपुर, गोंदिया, काजीपेट, रेणुगुंटा होते हुए तिरुपति पहुंचेगी। इस ट्रेन में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए सेकेंड एसी के 03, थर्ड एसी के 05, स्लीपर के 10, सामान्य श्रेणी के 04 तथा एसएलआर के 02 सहित कुल 24 कोच लगाए गए हैं।
विदित हो कि रक्सौल से तिरुपति के लिए त्योहारी सीजन में पहले से एक पूजा स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन चलती थी, जिसे अब नियमित कर दिये जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। इस सीधी ट्रेन सेवा का फायदा सिर्फ धार्मिक यात्रियों को ही नहीं, बल्कि दक्षिण भारत में शिक्षा, इलाज और व्यापार के सिलसिले में जाने वाले लोगों को भी मिलेगा। नेपाल के वीरगंज से भी बड़ी संख्या में लोग इस ट्रेन का लाभ उठाने रक्सौल पहुंचेंगे। रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स समेत स्थानीय व्यापारिक संगठनों ने इस फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि इससे दक्षिण भारत के साथ व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी।












