20 से 22 नवंबर तक पुणे में होगा राष्ट्रीय मुकाबला, बिहार की 30 सदस्यीय टीम में जिले के पांच खिलाड़ियों का चयन
देशवाणी।
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले के पांच खिलाड़ी 9वीं नेशनल सवात् चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 22 नवंबर 2026 तक महाराष्ट्र के पुणे में किया जाएगा। इसकी जानकारी टीम मैनेजर सेंडाई आशिफ अनवर ने दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बिहार की 30 सदस्यीय फ्रेंचबॉक्सिंग (सवात्) टीम तैयार की गई है। इसमें पश्चिम चम्पारण जिले के पांच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में दृष्टि कुमारी, श्रेयस जायसवाल, सुबोध कुमार, श्याम कुमार एवं आर्यन शामिल हैं।
खिलाड़ियों को उपलब्ध कराया गया ट्रैकसूट
बिहार टीम के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रास वर्ल्ड की ओर से ट्रैकसूट उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर रास वर्ल्ड के एसोसिएट डायरेक्टर नंद कुमार एवं मैनेजिंग डायरेक्टर सेंडाई शिल्पी सोनम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टीम के साथ मुख्य कोच सह तकनीकी पदाधिकारी शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव और टीम मैनेजर सेंडाई आशिफ अनवर भी पुणे रवाना हो रहे हैं।
कड़ी मेहनत के दम पर पदक जीतने का भरोसा
पुणे प्रस्थान से पूर्व मुख्य कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपने बेहतर प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतकर बिहार को गौरवान्वित करेंगे।
पूर्व खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं
वहीं, राज्य सवात् संघ, बिहार के मुख्य संरक्षक सह पूर्व खेल मंत्री शिवचंद्र राम ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित प्रोत्साहन और अवसर देने की। राज्य सवात् संघ, बिहार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।



