HomeBIHARमोतिहारीबिहार में ग्रीन अमोनिया का पहला क्षेत्रीय प्रदर्शन शुरू

बिहार में ग्रीन अमोनिया का पहला क्षेत्रीय प्रदर्शन शुरू

-यूरिया के विकल्प की होगी जांच

माला सिन्हा

पीपराकोठी : बिहार में यूरिया के विकल्प के रूप में ग्रीन अमोनिया के इस्तेमाल की संभावनाओं को परखने के लिए क्षेत्रीय प्रदर्शन की शुरुआत की गई है. कोटवा प्रखंड के कल्याणपुर वृत्त गांव में किसान विजय शंकर पांडे के गेहूं के खेत में इसका पहला प्रदर्शन किया गया। गुरुग्राम की क्लीनटेक कंपनी एकमें क्लीनटेक और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप) के सहयोग से संचालित इस परियोजना के तहत तरल अमोनिया के उपयोग, फसल की वृद्धि और उत्पादन पर इसके प्रभाव का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा. इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, प्रमुख डॉ. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. अर्पिता, डॉ. राघवेंद्र सिंह, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. मोनोबुल्लाह तथा भाकृअनुप दिल्ली के एडीजी आरके सिंह का विशेष सहयोग रहा. कंपनी की सतत उर्वरक उप-प्रबंधक डॉ. आशीष मिश्र ने किसानों और कृषि विशेषज्ञों को परियोजना की तकनीक, उपयोग विधि और संभावित लाभों की जानकारी दी. बिहार में परियोजना का संचालन राकेश शर्मा की निगरानी में किया जा रहा है. खेत में अमोनिया इंजेक्शन का कार्य ओमप्रकाश और सरोज ने किया. बताया कि विशेष मशीन के माध्यम से तरल अनहाइड्रस अमोनिया को मिट्टी की सतह से करीब 15 से 20 सेंटीमीटर नीचे डाला गया. इस विधि से नाइट्रोजन सीधे फसल के जड़ क्षेत्र के आसपास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. तरल अमोनिया में करीब 82 प्रतिशत नाइट्रोजन होता है, जबकि यूरिया में इसकी मात्रा लगभग 46 प्रतिशत होती है. परियोजना के अनुसार रबी फसल में एक बार इसके प्रयोग की संभावना है, जबकि सामान्य तौर पर गेहूं में यूरिया का प्रयोग दो से तीन बार करना पड़ता है. वैज्ञानिकों की देखरेख में खेतों से मिट्टी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे जाएंगे। इसके आधार पर मिट्टी की गुणवत्ता, फसल की वृद्धि, उपज, नाइट्रोजन उपयोग दक्षता और खेती की लागत का आकलन किया जाएगा.

परियोजना के तहत पहले भोपाल, मेरठ, लखनऊ और ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों में गेहूं, धान, मक्का और गन्ना जैसी फसलों पर तरल अमोनिया का परीक्षण किया जा चुका है. परियोजना से जुड़े विवरण के अनुसार इन परीक्षणों में इसकी उपज यूरिया के बराबर या उससे अधिक पाई गई है. हालांकि बिहार में इसके परिणामों का आकलन फसल कटाई के बाद वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर किया जाएगा. रबी फसल वर्ष 2026-27 में इस तकनीक का पायलट प्रदर्शन बिहार समेत छह राज्यों हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा में किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर करीब 10 हजार एकड़ में प्रदर्शन का लक्ष्य रखा गया है. परियोजना के माध्यम से उर्वरक की खपत, किसानों की लागत, उत्पादन और पर्यावरणीय प्रभाव का तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा.

ग्रीन अमोनिया का उत्पादन नवीकरणीय ऊर्जा से प्राप्त हाइड्रोजन के उपयोग से किया जाता है. इसका उद्देश्य पारंपरिक जीवाश्म ईंधन आधारित अमोनिया उत्पादन से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करना है. यदि बिहार में इसका प्रदर्शन सफल रहता है तो भविष्य में किसानों को नाइट्रोजन उर्वरक का एक वैकल्पिक माध्यम मिल सकता है.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular