देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को श्रद्धा और उल्लास के साथ अक्षय नवमी का पुण्य पवित्र पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष अक्षय नवमी बुधवार को मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय माने जाने वाले आंवले के वृक्ष के पूजन, अर्चन और परिक्रमा का विधान है। मान्यता है कि इस दिन किए गए सभी धार्मिक अनुष्ठानों और व्रतों का फल अक्षय (कभी समाप्त न होने वाला) हो जाता है।
आर्षविद्या शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान-वेद विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार पाण्डेय ने बताया कि पर्व के दिन स्नानादि से निवृत्त होकर श्रद्धालुओं को आंवले के वृक्ष के नीचे पूजन करना चाहिए। वृक्ष की जड़ में दूध की धारा गिराने, सूत लपेटने, आरती करने और श्रद्धासुविधा के अनुसार 108 परिक्रमाएं करने की परंपरा है। इस दिन वस्त्र व आभूषणों के दान के साथ ही कुष्मांड (भथुआ) के अंदर स्वर्ण या द्रव्य रखकर गुप्त दान करने का विशेष महत्व है। इसके अलावा, आंवले के वृक्ष की छाया में स्वादिष्ट भोजन बनाकर ब्राह्मणों को खिलाने तथा सपरिवार प्रसाद ग्रहण करने से महान पुण्य की प्राप्ति होती है।
पौराणिक महत्व और आदिरोह की कथा
प्राचार्य ने पौराणिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रलयकाल में जब संपूर्ण संसार जलमग्न था, तब ब्रह्माजी परब्रह्म के जप में लीन थे। आराधना के दौरान उनके नेत्रों से निकले प्रेम के आंसुओं की बूंद पृथ्वी पर गिरी, जिससे आंवले का महान वृक्ष उत्पन्न हुआ। इसी कारण इसे ‘आदिरोह’ भी कहा जाता है। ब्रह्माजी ने सबसे पहले आंवले के वृक्ष की उत्पत्ति की और इसके पश्चात ही समस्त प्रजा की सृष्टि की। आंवला का वृक्ष भगवान विष्णु को सर्वाधिक प्रिय है।
शास्त्रों के अनुसार, आंवला वृक्ष का स्मरण मात्र गोदान का फल देता है, इसके दर्शन से दोगुना और फल खाने से तिगुना पुण्य प्राप्त होता है। इसलिए प्रत्येक भक्त को इसके रोपण, सिंचन और सेवन का प्रयास करना चाहिए, जिससे समस्त पापों का नाश और मनोवांछित फल की प्राप्ति हो सके।



