-ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
माला सिन्हा
पीपराकोठी : 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), द्वारा कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के कुशल निर्देशन में सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य के तहत ग्राम परसा में निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में वाहिनी के डॉ. सुजीत कुमार, जीडीएमओ द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार किया गया. साथ ही, जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया. इस दौरान ग्रामीणों को व्यक्तिगत एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, जल-जमाव से बचने तथा डेंगू एवं मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के आवश्यक उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. इसके अतिरिक्त, संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को समझाते हुए दैनिक भोजन में श्री अन्न (मोटे अनाज) को शामिल करने तथा इसके विभिन्न स्वास्थ्य लाभों के प्रति भी जागरूक किया गया. शिविर के दौरान ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की. ग्रामीणों ने कहा कि एसएसबी द्वारा समय-समय पर चिकित्सा शिविर, जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर ग्रामीणों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. इससे सीमावर्ती गांवों के लोगों को काफी लाभ मिल रहा है तथा उनमें स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ी है.



