मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिला के बंजरिया प्रखंड स्थित सिसवनिया गांव में देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती के अवसर पर जिला परिषद सदस्य इंजीनियर तौसीफ़ुर रहमान के नेतृत्व में तालीमी कांफ्रेंस सह क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।रहमान इंटरनेशनल स्कूल ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रुप में नरकटिया विधायक विशाल कुमार शाह,समाज शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महताब आलम, डॉ.मंज़र नसीम,बीडीओ प्रिंस कुमार, अंचलाधिकारी कृष्णा कुमार, पीएचसी प्रभारी डॉ. शाजिया तरन्नुम,प्रोफेसर फ़ख़रुद्दीन, डॉ.अकील अहमद,पूर्व पंचायत समिति सदस्य अज़ीज़ुर रहमान एवं समाजसेवी फ़ज़ले हक उपस्थित रहे।इस प्रतियोगिता में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।क्विज प्रतियोगिता में कक्षा 5 से 8 के लिए दो ग्रुप बनाये गए थे। ग्रुप ए में प्रथम स्थान शमीम आलम, द्वितीय विराट कुमार एवं तृतीय विकास कुमार ने प्राप्त किया। वहीं कक्षा 9 से 12 के ग्रुप बी में प्रथम स्थान जेयउद्दीन द्वितीय साजिद आलम एवं तृतीय अलीशा प्रवीण ने हासिल किया। सभी विजेताओं को साइकिल, क्रिकेट किट, स्कूल बैग, मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को भी मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस मौके पर विधायक विशाल शाह ने कहा कि सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में काफी अच्छा काम किया है।सरकार की देन है कि आज लड़कियां साइकिल से स्कूल जाती है और आज लड़कियां शिक्षा के बदौलत हर क्षेत्र में बाजी मारी रही है।
वहीं कार्यक्रम के संयोजक इंजीनियर तौसीफ़ुर रहमान रहे।कार्यक्रम में रहमान इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाध्यापक इंजीनियर तस्दीकर रहमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जबकि मंच संचालन अहसन ज़िया ने किया।इंजीनियर तौसीफ़ुर रहमान ने अपने संबोधन में कहा कि मौलाना आज़ाद की जयंती पर इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता, प्रतिस्पर्धा की भावना एवं छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए।भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।कार्यक्रम का समापन शिक्षा, प्रतिभा सम्मान एवं समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर बेहतर प्रशासनिक सेवा एवं जनहित में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बीडीओ बंजरिया एवं अंचलाधिकारी बंजरिया को विधायक विशाल कुमार शाह एवं जिला परिषद सदस्य इंजीनियर तौसीफ़ुर रहमान द्वारा एक्सलेंस इन पब्लिक सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया गया।



