HomeBIHARहरसिद्धि पुलिस ने छात्रा अपहरण कांड मे त्वरित कार्रवाई कर दो युवकों...

हरसिद्धि पुलिस ने छात्रा अपहरण कांड मे त्वरित कार्रवाई कर दो युवकों को पकड़ा, अपहरण मे प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी को किया बरामद

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग छात्रा के मामले में पुलिस ने एक सप्ताह के अंदर बड़ी कार्रवाई करते हुए अपहरण में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी के साथ दो घटना मे शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के धनखरैया निवासी मदन प्रसाद के पुत्र हरिओम कुमार तथा सुगौली थाना क्षेत्र के बड़ा बौधा निवासी दानिश खान उर्फ फैयाज़ खान के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने अपहरण की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए कई अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस को दिए बयान मे कहा है कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पकड़िया निवासी मनोज साह का पुत्र पिंटू कुमार पहले से ही छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसा रखा था। इसके बाद 29 अक्टूबर को पिंटू कुमार अपने दो साथियों तथा दो अन्य युवकों के साथ बोलेरो से छात्रा को हरसिद्धि से लेकर फरार हो गया।
आरोपितों ने पुलिस को बताया है कि छात्रा को पहले दानिश खान के घर ले जाया गया। वहां सभी ने खाना खाया। इसके बाद वे लोग छात्रा को लेकर इधर-उधर घूमते रहे। बाद में पिंटू कुमार छात्रा को अपने साथ लेकर चला गया। पुलिस अनुसंधान के दौरान हरिओम कुमार और दानिश खान की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की।
गौरतलब है कि अपहृत छात्रा के पिता ने थाने में आवेदन देकर पिंटू कुमार और उसके अन्य साथियों पर नाबालिग पुत्री का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया था कि उनकी पुत्री 29 अक्टूबर को ट्यूशन पढ़ने जा रही थी, इसी दौरान आरोपितों ने उसका अपहरण कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त बोलेरो भी जब्त की है। हालांकि, घटना के एक सप्ताह बाद भी अपहृत छात्रा की बरामदगी नहीं हो सकी है। मुख्य आरोपित पिंटू कुमार भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अपहृत छात्रा की सकुशल बरामदगी और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular