-प्रधान डाकघर में आयोजित हुआ अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ का 11वाँ द्विवार्षिक अधिवेशन
-नई कार्यकारिणी के गठन के साथ कर्मचारियों की समस्याओं और अधिकारों पर हुई विस्तार से चर्चा
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ, ग्रुप ‘सी’ का 11वाँ द्विवार्षिक अधिवेशन प्रधान डाकघर परिसर में रविवार को अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन के दौरान संगठन की मजबूती, कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा उनकी विभिन्न समस्याओं और अधिकारों से जुड़े विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। अधिवेशन की मुख्य विशेषता नई कार्यकारिणी का गठन रहा, जिसमें सर्वसम्मति और निर्वाचन के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
घोषित परिणामों के अनुसार, रवि रंजन कुमार को डिविजनल अध्यक्ष, सियाराम कुमार को डिविजनल सचिव तथा संजीव कुमार को वित्त सचिव के रूप में चुना गया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा के साथ ही उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान संघ के वरिष्ठ सदस्यों और वक्ताओं ने कर्मचारियों की एकजुटता पर बल देते हुए डाक विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों और उनकी व्यावहारिक कठिनाइयों को मंच के समक्ष रखा। कार्यक्रम में नरेंद्र यादव, अशोक कुमार, अशोक कुमार दुबे, मनोज कुमार और नंद प्रकाश पांडेय सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संगठन के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
कर्मचारियों ने आशा व्यक्त किया है कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी संगठन को और अधिक सशक्त व ऊर्जावान बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। साथ ही, डाक कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा उनके अधिकारों व हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।



