एएनएम, सीएचओ और आशा फैसिलिटेटरों को समय पर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश, आहार चार्ट तैयार करने में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लौरिया में स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में नियमित टीकाकरण, आहार चार्ट तैयार करने और विभागीय कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन कुमार ने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक देरी या लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
बैठक में एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) और आशा फैसिलिटेटरों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम करने को कहा गया। डॉ. रोशन कुमार ने निर्देश दिया कि नियमित टीकाकरण से संबंधित गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें। इसके साथ ही आहार चार्ट से जुड़े कार्यों को भी तय समय पर पूरा करने पर बल दिया गया।
काम में देरी हुई तो तय होगी जिम्मेदारी
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी कर्मियों का सक्रिय सहयोग और आपसी समन्वय जरूरी है। निर्धारित समय पर कार्य पूरा करना प्रत्येक कर्मी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और कार्यों को लंबित रखने से बचने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्य निष्पादन से ही विभागीय लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने के साथ-साथ कार्यों की प्रगति और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक में अस्पताल प्रबंधक राहुल कुमार, बीसीएम रीना मोदी, सीएचओ दीपक कुमार, डेटा ऑपरेटर शशि कुमार समेत सीएचसी के अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



