नौ कर्मियों के साथ एक अमीन भी हड़ताल पर
वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एक राजस्व कर्मी कर रहे है कार्य : सीओ
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। अपनी मांगों को लेकर राजस्व कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से लौरिया अंचल कार्यालय में कामकाज प्रभावित हो गया है। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के आह्वान पर 17 सूत्री मांगों के समर्थन में नियमित सेवा के तहत लौरिया अंचल में कार्यरत नौ राजस्व कर्मी और एक अंचल अमीन हड़ताल पर हैं। इसके चलते जमीन से जुड़े कार्यों के निष्पादन में देरी हो रही है। वहीं, जरूरी प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए अंचल कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
हड़ताल के कारण दाखिल-खारिज, जमाबंदी सहित राजस्व से संबंधित कई कार्य प्रभावित हैं। अपने जरूरी काम निपटाने के लिए कार्यालय पहुंच रहे लोगों को समय पर सेवा नहीं मिल पा रही है। राजस्व कर्मियों के कार्य से दूर रहने का असर विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है। एनसीएल और ईडब्ल्यूएस समेत अन्य प्रमाणपत्रों के सत्यापन में देरी होने से परीक्षा फॉर्म भरने की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई विद्यार्थियों को जरूरी दस्तावेजों का काम नहीं होने के कारण वापस लौटना पड़ रहा है।
राजस्व कर्मियों और अमीन की संयुक्त हड़ताल से अंचल कार्यालय के कामकाज पर असर पड़ा है। लोगों को दाखिल-खारिज, जमाबंदी और प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इससे आम नागरिकों के साथ विद्यार्थियों की परेशानी भी बढ़ रही है।
लौरिया के अंचल अधिकारी आशु रंजन ने बताया कि राजस्व कर्मियों और अमीन की हड़ताल के कारण कामकाज प्रभावित हुआ है। इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एक राजस्व कर्मी को काम पर लगाया गया है, ताकि आवश्यक कार्यों को यथासंभव जारी रखा जा सके।



