शोभायात्रा में गाजे-बाजे के साथ उमड़े श्रद्धालु; 40 समिति सदस्यों ने संभाली व्यवस्था।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया प्रखंड स्थित बिसुनपुरवा ढढ़वा में रविवार को नवरात्र के अवसर पर आस्था और भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। मां दुर्गा पूजा समिति बिसुनपुरवा ढढ़वा की ओर से 1001 कुंवारी कन्याओं की कलश शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और माता रानी के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। सिर पर कलश लेकर कतारबद्ध चल रहीं कन्याएं आकर्षण का केंद्र रहीं। उनके साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए।
कलश शोभायात्रा का शुभारंभ बिसुनपुरवा ढढ़वा से हुआ। इसके बाद यात्रा लौरिया नगर पंचायत के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सीकरहना नदी पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच कलश में जल भरा गया। इसके बाद कन्याएं कलश लेकर धार्मिक अनुष्ठान के लिए आगे बढ़ीं। यात्रा के दौरान जगह-जगह माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और धार्मिक उल्लास देखने को मिला।
धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन समिति के अध्यक्ष राहुल कुमार की अध्यक्षता में किया गया। समिति के मुख्य आचार्य आनंद पांडेय के निर्देशन में मुख्य यजमान नरेश तिवारी और उनकी धर्मपत्नी सुलोचना देवी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद धार्मिक अनुष्ठानों के तहत कलश शोभायात्रा निकाली गई। आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
शोभायात्रा को व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए पूजा समिति के करीब 40 सदस्य एक समान यूनिफॉर्म और पहचान पत्र के साथ तैनात रहे। सदस्यों ने पूरी यात्रा के दौरान व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर मुकेश कुशवाहा, राजू कुमार कुशवाहा, रंजीत कुमार, विकास चौधरी, युवराज कुमार, प्रदीप कुमार, चंदन तिवारी, दीपू कुमार कुशवाहा, चंदन यादव, कलीम बैठा, अनुज ठाकुर और मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक परंपरा, सामूहिक सहभागिता और मां दुर्गा के प्रति अटूट आस्था का संगम देखने को मिला।



