HomeBIHARएसएसबी कबड्डी में सेमीफाइनल का रोमांच, पटना-गुवाहाटी और लखनऊ-सिलीगुड़ी आमने-सामने

एसएसबी कबड्डी में सेमीफाइनल का रोमांच, पटना-गुवाहाटी और लखनऊ-सिलीगुड़ी आमने-सामने

दूसरे दिन खेले गए पांच रोमांचक मुकाबले, पटना और गुवाहाटी ने दर्ज की शानदार जीत

बेतिया।देश वाणी।अवधेश कुमार शर्मा ।

पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित जिला खेल भवन के इंडोर हॉल में चल रही सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अंतर-सीमान्त कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को कुल पांच मुकाबले खेले गए। दमदार प्रदर्शन के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है।

पटना ने तेजपुर को तीन अंक से हराया

दिन के पहले मुकाबले में पटना और तेजपुर की टीमें आमने-सामने हुईं। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंत में पटना ने तेजपुर को 46-43 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।

गुवाहाटी ने दिल्ली को 47-38 से दी शिकस्त

दूसरे मुकाबले में गुवाहाटी का सामना मुख्यालय दिल्ली की टीम से हुआ। गुवाहाटी के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 47-38 से हरा दिया।

पटना ने लखनऊ को भी किया पराजित

तीसरे मुकाबले में पटना और लखनऊ के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। पटना की टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लखनऊ को 39-33 से हराकर जीत दर्ज की।

तेजपुर ने रानीखेत को 33-26 से हराया

चौथे मैच में रानीखेत और तेजपुर के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच में तेजपुर की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए रानीखेत को 33-26 से पराजित किया।

सिलीगुड़ी की शानदार जीत, दिल्ली को 45-32 से हराया

दिन के अंतिम मुकाबले में सिलीगुड़ी और मुख्यालय दिल्ली की टीम के बीच मुकाबला हुआ। सिलीगुड़ी ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और अंततः दिल्ली को 45-32 के अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

अब सेमीफाइनल में होगा बड़ा मुकाबला

दूसरे दिन के मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। 7 अक्टूबर 2026 को पहला सेमीफाइनल पटना और गुवाहाटी के बीच खेला जाएगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ और सिलीगुड़ी की टीमें आमने-सामने होंगी।

दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के विजेता फाइनल में प्रवेश करेंगे। ऐसे में अब खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों की निगाहें भी इन दोनों मुकाबलों पर टिकी हैं।

निर्णायकों और स्कोरर की रही महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिता में जिला खेल विभाग, पश्चिम चंपारण के निर्णायकों के रूप में रवि रंजन यादव, नयन मणि कुमार और उमेश कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं, मुख्य स्कोरर की भूमिका मतिसरा कुंवर बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नरकटियागंज के खेल शिक्षक उमेश कुमार ने निभाई।

डीआईजी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

एसएसबी क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया के डीआईजी हरि प्रकाश और सहायक सेनानायक पंकज शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। डीआईजी हरि प्रकाश ने कहा कि सभी खिलाड़ी खेल भावना के साथ राष्ट्र के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए बेहतर खेल के लिए शुभकामनाएं दीं।

अब 7 अक्टूबर को होने वाले दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों पर सभी की निगाहें टिकी हैं। जीत दर्ज करने वाली दो टीमें फाइनल में खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular