देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। शहर के राजेंद्र नगर भवन में मंगलवार को बिहार राज्य ग्राम कचहरी सचिव संघ, पूर्वी चंपारण का चतुर्थ जिला सम्मेलन-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने ग्राम कचहरी सचिवों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें ग्रामीण न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
श्री सिंह ने कहा कि ग्राम कचहरी ग्रामीण स्तर पर लोगों को न्याय और प्रशासन से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। अभिलेख संधारण, पक्षकारों के समन्वय और प्रशासनिक गतिशीलता में सचिवों की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इनके योगदान को देखते हुए मानदेय ₹6,000 से बढ़ाकर ₹9,000 कर दिया है, जो 1 जुलाई 2025 से प्रभावी है। साथ ही, ई-ग्राम कचहरी जैसी पहलों से इस व्यवस्था को तकनीक-सक्षम बनाया जा रहा है।
सचिवों को प्रेरित करते हुए उन्होंने आग्रह किया कि ग्राम कचहरी को केवल विवाद समाधान केंद्र तक सीमित न रखें, बल्कि इसे सामाजिक सद्भाव, शांति और विश्वास का केंद्र बनाएं। कार्यशैली में पारदर्शिता और निष्पक्षता अपनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सकारात्मक सुझावों और व्यावहारिक समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा। यह सम्मेलन व्यवस्था को और मजबूत करने का एक सामूहिक संकल्प साबित हुआ।



