ग्रामीणों की मांग पर लिया गया निर्णय, एसपी बोले- शहर के अंदर नहीं चलेंगी बसें
देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
शहर से सटे रघुनाथपुर बस स्टैंड के कारण आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बस स्टैंड को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों की लगातार मांग और सड़क सुरक्षा को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस दिशा में पहल की है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि रघुनाथपुर बस स्टैंड को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए जगह की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर के अंदर बसों का परिचालन नहीं होने दिया जाएगा। बसों के लिए शहर से बाहर या उपयुक्त स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जाएगी, ताकि शहर के अंदर यातायात का दबाव कम हो और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
एसपी ने बताया कि सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार को बस स्टैंड के लिए वैकल्पिक स्थल तलाशने और आवश्यक कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों अधिकारी संभावित स्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रघुनाथपुर बस स्टैंड पर लगातार बसों की आवाजाही, सड़क पर यात्रियों की भीड़ और वाहनों के अनियंत्रित ठहराव के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। ग्रामीण लंबे समय से बस स्टैंड को आबादी और मुख्य सड़क से दूर स्थानांतरित करने की मांग कर रहे थे।
प्रशासन की इस पहल के बाद अब जल्द ही वैकल्पिक स्थल का चयन किए जाने की उम्मीद है। नया बस स्टैंड बनने के बाद शहर के अंदर बड़े वाहनों का दबाव कम होने के साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार आने की संभावना है।



