रामगढ़वा के डॉक्टर रेयाजुल हक की पुत्री हफसा रेयाज ने उत्तीर्ण की एमबीबीएस परीक्षा
आवान मेराज/ देशवाणी
रामगढ़वा: रामगढ़वा प्रखंड क्षेत्र के चिकित्सक डॉ. रेयाजुल हक की पुत्री हफसा रेयाज ने कठिन परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए एमबीबीएस की डिग्री पूरी कर ली है। इस उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में हर्ष का माहौल है।
इसी क्रम में कई गणमान्य लोग डॉ. रेयाजुल हक के आवास पर पहुंचे। इस दौरान प्रमुख प्रतिनिधि विशाल गुप्ता, नसीम आलम और शिक्षक राजन श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों ने हफसा रेयाज को पुष्पगुच्छ और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। अतिथियों ने उनके इस मुकाम हासिल करने पर प्रसन्नता जताई और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अपनी इस सफलता पर हफसा रेयाज ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता के निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और त्याग की वजह से ही वह आज इस मुकाम को हासिल कर पाई हैं। इसके साथ ही हफसा ने अपने उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य उन गरीब लोगों की सेवा करना है जो महंगे इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं, और वे कम रुपयों में उनका इलाज कर उनकी मदद करना चाहती हैं।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने उनके इस नेक विचार की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की सफलता से रामगढ़वा क्षेत्र का नाम रोशन होता है तथा यह अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत है।



