* एसडीओ व एसडीपीओ ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रक्सौल।अनिल कुमार।आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को अनुमंडल सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एसडीओ एवं एसडीपीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में स्थापित होने वाले सभी पूजा पंडालों का समय रहते निरीक्षण किया जाए। पंडालों में विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन की सुविधा, पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करना सुनिश्चित करें, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर भी जोर दिया। पंडालों में बिजली के तारों एवं कनेक्शन की स्थिति, आग से बचाव के इंतजाम तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जांच करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रशासन की ओर से पूजा समितियों से भी अपील की गई कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पंडालों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी रखें और प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करें। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। मौके पर सभी थानाध्यक्ष रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश महतो, हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान , आदापुर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी, राजीव कुमार, प्रियंका कुमारी सभी सीओ अरविंद कुमार, अमित कुमार , प्रज्ञा नैनम, रंजन कुमार बैठा, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी महेंद्र प्रताप, कार्यपालक पदाधिकारी सिटी मैनेजर अविनाश कुमार, बिजली विभाग, अग्निशमन कृष्णा कुमार आदि मौजूद थे।
फोटो -आगामी दुर्गा पूजा 2026 को लेकर बैठक आहूत की गई
- एसडीओ व एसडीपीओ ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश



