पकड़े गए युवकों ने किया खुलासा, बाइक चोर गिरोह का सरगना है बुलेट कुमार।
हरसिद्धि के घोघराहा बैरिया का रहने वाला है गिरोह।
देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
तुरकौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई महनवा चौक पर छापेमारी कर की। गिरफ्तार युवकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के घोघराहा बैरिया निवासी भिखारी राम के पुत्र बबलू कुमार और अशोक साहनी के पुत्र दीवाना कुमार के रूप में हुई है। इनके पास से बरामद अपाचे बाइक पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा से करीब चार माह पहले चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए महनवा बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली और छापेमारी कर दोनों को बाइक के साथ पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया। गिरफ्तार युवकों ने पुलिस को बताया कि गिरोह का सरगना हरसिद्धि थाना क्षेत्र के घोघराहा बैरिया निवासी बुलेट कुमार है।
पुलिस के मुताबिक गिरोह में कुल पांच सदस्य हैं। इसमें बुलेट कुमार के अलावा दीवाना कुमार, बबलू कुमार, रंजीत कुमार और राजा कुमार शामिल हैं। गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की गई बाइक की नंबर प्लेट बदलकर उसे दूसरे स्थान पर बेचने का काम किया जाता था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। चोरी की बाइक के संबंध में भी संबंधित थाने से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस बरामद बाइक के स्रोत और गिरोह द्वारा पूर्व में चोरी की गई अन्य बाइकों के संबंध में भी जांच कर रही है।



