देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। गांधी जयंती के पावन अवसर पर चरखा पार्क में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने अखबार विक्रेताओं और रिक्शा चालकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और श्रम के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी। उन्होंने कहा कि अखबार विक्रेता सुबह-सवेरे देश-दुनिया की खबरें लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं, वहीं रिक्शा चालक अपने कठिन परिश्रम से आम नागरिकों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराते हैं। इन मेहनतकश वर्ग के लोगों का यह सम्मान वास्तव में गांधी जी के ‘अंत्योदय’ और श्रम सम्मान के विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक कदम है।



