*भुगतान नहीं होने पर सामूहिक हड़ताल की चेतावनी
*नगर परिषद रक्सौल में कार्यरत सफाई कर्मियों का सीबीएस फैसिलिटीज मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप, श्रम अधीक्षक के पास पहुंचा मामला, 3 अक्टूबर को होगी दोनों पक्षों की सुनवाई
रक्सौल। अनिल कुमार। नगर परिषद रक्सौल में सफाई कार्य में जुटे मजदूरों की बकाया मजदूरी का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। नवंबर 2024 की मजदूरी का भुगतान नहीं होने से नाराज 81 सफाई कर्मियों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। लंबे समय से बकाया पारिश्रमिक मिलने का इंतजार कर रहे सफाई कर्मियों ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए सामूहिक हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इसको लेकर गुरुवार को आश्रम रोड स्थित छठिया घाट परिसर में सफाई कर्मियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चंद्रशेखर कुमार एवं रमेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में सफाई कर्मियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को रखते हुए सीबीएस फैसिलिटीज मैनेजमेंट पर नवंबर 2024 की 81 मजदूरों की दैनिक मजदूरी का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया। कर्मियों ने कहा कि वे नगर परिषद क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई का कार्य करते हुए शहर को स्वच्छ रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें अपने ही मेहनताने के लिए लगातार इंतजार करना पड़ रहा है। मजदूरी का भुगतान लंबित रहने से उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही परिवार के भरण-पोषण में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि मजदूरी भुगतान में हो रही देरी के कारण सफाई कर्मियों के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा है। कर्मियों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर बकाया भुगतान की स्थिति स्पष्ट कराने तथा समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते इस विवाद का निपटारा नहीं किया गया, तो इसका असर नगर परिषद क्षेत्र की नियमित सफाई व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। ऐसे में संबंधित एजेंसी और प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से पहल करने की जरूरत है।
गुरुवार को आयोजित इस बैठक में सफाई कर्मियों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि 3 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई पर उनकी विशेष नजर रहेगी। सुनवाई के बाद मिलने वाले निर्णय के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल सभी कर्मी बकाया मजदूरी के भुगतान की मांग पर एकजुट हैं और समस्या का समाधान नहीं होने की स्थिति में सामूहिक हड़ताल को अपना अगला कदम बता रहे हैं। बैठक में रौशन मलिक, मोहन मलिक, बब्लू मलिक, राज मलिक, धीरज मलिक, करण मलिक, मनोज मलिक, जितेन्द्र मलिक, संजय मलिक, रोहित मलिक, रवि मलिक, छोटू मलिक, सिकंदर मलिक, अभय मलिक, सागर मलिक, नंदकिशोर मलिक, मीना देवी सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद थे।
फोटो -सफाई कर्मियों ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए सामूहिक हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है



