जनप्रतिनिधियों से प्रभावित परिवारों और फसल-घर समेत अन्य क्षति की सूची देने की अपील।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। लौरिया प्रखंड में बाढ़ से प्रभावित परिवारों तक राहत और सरकारी सहायता पहुंचाने को लेकर गुरुवार को अंचल परिसर में बाढ़ अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने की। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की स्थिति, प्रभावित परिवारों के चयन और बाढ़ से हुई क्षति का आकलन कर जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने पर चर्चा की गई।
अंचल कार्यालय की ओर से बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को उपस्थित रहने के लिए पत्र जारी किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, 30 सितंबर को मुख्यमंत्री के पश्चिमी चंपारण के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देश और लौरिया विधायक विनय बिहारी की ओर से प्राप्त पत्र के आलोक में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायतों में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की वास्तविक स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही घर, फसल, सड़क समेत अन्य संपत्ति को हुई क्षति का आकलन कर सूची अंचल कार्यालय को उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि प्रशासन की ओर से क्षति की जांच कर पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
प्रभावित परिवारों की सही सूची तैयार करने पर जोर
प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर सरकारी सहायता मिलना जरूरी है। पंचायत स्तर पर बाढ़ से हुई परेशानी और प्रभावित परिवारों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राहत का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
अंचल अधिकारी आशु रंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में बाढ़ अनुश्रवण समिति की बैठक बुलाई गई है। जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायत में बाढ़ से हुई क्षति और प्रभावित परिवारों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्राप्त सूची की जांच के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, राजस्व कर्मचारी सहित संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



