*मोतिहारी कोर्ट से घर लौट रहे युवक को कौड़िहार चौक के ओवरब्रिज के पास बनाया निशाना, नेपाली नंबर की स्प्लेंडर बाइक से पहुंचे थे तीन अज्ञात अपराधी, घायल युवक अस्पताल में भर्ती
रक्सौल। अनिल कुमार।मोतिहारी न्यायालय से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे एक युवक को कौड़िहार चौक के समीप ओवरब्रिज के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने मदद मांगने के बहाने रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने युवक का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। जब युवक ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही रक्सौल पुलिस सक्रिय हो गई और घटनास्थल पर पहुंचकर घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक की स्थिति को देखते हुए बिना देर किए उसे इलाज के लिए एसआरपी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने बदमाशों की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
घटना के बाद पुलिस आसपास के इलाकों में बदमाशों की गतिविधियों और उनके फरार होने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है। नेपाली नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के संबंध में भी पुलिस को जानकारी दी गई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए घटना में शामिल बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं, सरेराह युवक को चाकू मारकर मोबाइल लूटने की इस घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों में भी इस तरह की वारदात को लेकर चिंता देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।
फोटो -मदद मांगने के बहाने रोका, विरोध करने पर चाकू से किया हमला, मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश



