बेतिया टाउन हॉल में 150 जीविका दीदियां दो शिफ्टों में कर रहीं राहत सामग्री की पैकेजिंग, प्रशासन के साथ समन्वय कर पहुंचा रहीं मदद
देश वाणी।बेतिया।ब्यूरो।
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले में बाढ़ जैसी स्थिति के बीच राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन के साथ जीविका दीदियां भी पूरी तत्परता से राहत कार्यों में जुटी हैं। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर जीविका दीदियां बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग कर रही हैं।
सुबह सात बजे से राहत पैकेट तैयार करने में जुटीं दीदियां
सदर अनुमंडल के बेतिया टाउन हॉल में करीब 150 जीविका दीदियां सुबह सात बजे से राहत सामग्री की पैकेजिंग में जुटी हैं। जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए चना, चूड़ा, गुड़ सहित अन्य खाद्य सामग्री को व्यवस्थित तरीके से पैकेट में तैयार किया जा रहा है।
तैयार राहत पैकेटों को राहत टीम को सौंपा जा रहा है, ताकि इन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचाया जा सके।
दो शिफ्टों में शाम सात बजे तक जारी है काम
राहत कार्य को लगातार जारी रखने के लिए जीविका दीदियां दो शिफ्टों में सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक अपनी सेवाएं दे रही हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद दीदियां सेवा भाव और तत्परता के साथ राहत सामग्री तैयार करने में प्रशासन का सहयोग कर रही हैं।
अब तक करीब 5 हजार राहत पैकेट तैयार
राहत कार्य में समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहीं जीविका प्रखंड परियोजना प्रबंधक अंजली कुमारी और युवा पेशेवर आरुषि कुमारी ने बताया कि जीविका दीदियों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ अब तक करीब 5 हजार राहत पैकेट तैयार कराए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार राहत सामग्री की पैकेजिंग का काम लगातार जारी है, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार राहत सामग्री पहुंचाई जा सके।
आपदा की घड़ी में सामुदायिक नेटवर्क सक्रिय
जीविका के प्रबंधक-स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता सतीश कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश के अनुसार जीविका दीदियां राहत एवं मानवीय सहायता के कार्य में सहयोग कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में जीविका का सामुदायिक नेटवर्क जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सक्रिय रहता है। वर्तमान परिस्थिति में भी जीविका दीदियां जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य में योगदान दे रही हैं।
सामुदायिक एकजुटता का उदाहरण बनीं जीविका दीदियां
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक आर. के. निखिल ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जीविका दीदियों का सहयोग सामुदायिक एकजुटता और मानवीय संवेदना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि संकट के समय जीविका का सामुदायिक तंत्र जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सक्रिय रहता है।
जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासन और जीविका दीदियों के समन्वित प्रयास से राहत सामग्री तैयार करने और उसे प्रभावित लोगों तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है।



