16 नामजद, 71 अज्ञात; वीडियो फुटेज से उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही पुलिस।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। सड़क हादसे में ओमप्रकाश की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-727 जाम करना प्रदर्शनकारियों के लिए मुश्किलें बढ़ा गया। सड़क पर आवागमन बाधित करने के मामले में लौरिया पुलिस ने 16 नामजद समेत 87 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें 71 अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। केस दर्ज होने के बाद पुलिस नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सड़क जाम के दौरान मौके पर वीडियोग्राफी कराई गई थी। इसी वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जाम में शामिल अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि सड़क जाम को लेकर 16 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 71 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। जाम के दौरान पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई थी। फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपितों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
वही सीओ आशु रंजन ने बताया कि ओमप्रकाश की मौत हिट एंड रन की घटना में हुई है। ऐसे मामलों में मुआवजे के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी के कार्यालय में आवेदन करना होता है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार अंचल स्तर से इस मामले में मुआवजा देने का प्रावधान नहीं है। पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया संबंधित विभाग के स्तर से पूरी की जाएगी।
ओमप्रकाश के अंतिम संस्कार के बाद उसके मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई मौत से परिवार के साथ आसपास के लोग भी सदमे में हैं। मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।



