देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। लौरिया थाना क्षेत्र के धोबनी सुगौली गांव में विवाहिता मधु देवी की मौत के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर धोबनी सुगौली वार्ड संख्या 12 निवासी स्व. बासुदेव साह के 56 वर्षीय पुत्र मनोज साह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, धोबनी सुगौली वार्ड संख्या 12 निवासी 22 वर्षीय मधु देवी, पत्नी धर्मेंद्र कुमार, का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर लौरिया थाने में कांड संख्या 291/26 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में दहेज हत्या का आरोप लगाया गया था।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति धर्मेंद्र कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, प्राथमिकी में आरोपित मनोज साह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
मंगलवार शाम पुलिस को आरोपित के गांव में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने धोबनी सुगौली में छापेमारी कर मनोज साह को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि दहेज हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है।



