पांच बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। थाना क्षेत्र की धोबनी पंचायत के लिपनी दलित बस्ती निवासी करीब 40 वर्षीय मजदूर शिव राम की पंजाब में हुए हादसे में मौत हो गई। मंगलवार सुबह ब्यास थाना क्षेत्र के रैयामंडी के समीप हुए हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान लिपनी निवासी स्वर्गीय सुखल राम के पुत्र शिव राम के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार शिव राम करीब 15 दिन पहले ही मजदूरी करने के लिए पंजाब गया था। बताया जा रहा है कि गांव के ही ठेकेदार दशरथ उसे काम के लिए पंजाब लेकर गए थे। मंगलवार सुबह काम पर जाने के दौरान वह हादसे की चपेट में आ गया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण भी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचने लगे।
शिव राम अपने पीछे पांच पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक वह परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ आर्थिक परेशानी भी खड़ी हो गई है।
समाचार लिखे जाने तक पंजाब से शव को गांव लाने की तैयारी चल रही थी। परिजन शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। शिव राम की मौत की खबर से लिपनी बस्ती में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।



