सांसद राधामोहन सिंह ने कहा—स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला
देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र के मिडिल स्कूल मजुराहां में “सेवा संकल्प अभियान—सेवा मेरा योगदान” के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। स्थानीय नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें स्वास्थ्य योजनाओं, रोगों से बचाव और उपचार की जानकारी दी गई।
सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा सर्वोच्च मानवीय मूल्यों में शामिल है और स्वास्थ्य सेवा का महत्व विशेष है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर केवल जांच तक सीमित नहीं, बल्कि जन-जागरूकता, जनभागीदारी और जनसेवा का प्रभावी माध्यम है। इससे लोगों को समय पर जांच, बीमारी की पहचान और उचित उपचार में मदद मिलती है।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य कवर मिल रहा है। उन्होंने 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से गांवों और पंचायतों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। मधुमेह, उच्च रक्तचाप और टीबी जैसी बीमारियों की समय पर जांच और पहचान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि गंभीर स्थिति से पहले उपचार शुरू हो सके।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को महत्वपूर्ण बताते हुए सांसद ने गर्भवती महिलाओं से नियमित जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ पीढ़ी की नींव रखती है। जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के माध्यम से सरकार माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
श्री सिंह ने कहा कि सरकारी प्रयासों के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। जरूरतमंद बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाना, गरीब परिवार को आयुष्मान कार्ड की जानकारी देना, गर्भवती महिला को जांच के लिए प्रेरित करना और लोगों को रोगों के प्रति जागरूक करना भी सेवा का महत्वपूर्ण रूप है।
सांसद ने कहा कि “सेवा मेरा योगदान” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को सेवा और जनकल्याण से जोड़ना है। सभी के सहयोग से यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, परिवार और आसपास के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा समाज सेवा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सह हरसिध्दि विधायक कृष्णनंदन पासवान,बिहार राज्य मछुआरा आयोग अध्यक्ष ललन सहनी, उप मेयर डॉ लालबाबू प्रसाद,भाजपा के वरीय नेता दीपक शर्मा, पूर्व मुखिया मोहन सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राकेश सिंह, रोचक झा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



