*एलएस ने जांच में केंद्र पर एक भी बच्चा नहीं मिलने पर भेजी शून्य रिपोर्ट, सहायिका गुट ने लगाया भेदभाव का आरोप
रक्सौल। अनिल कुमार। शहर के गांधी नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका एवं सहायिका के बीच चल रहा पुराना विवाद सोमवार को उस समय थाना पहुंच गया, जब केंद्र की नियमित जांच करने पहुंची एलएस के सामने सहायिका गुट के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद रक्सौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए सेविका, एलएस सहित अन्य लोगों को थाने लेकर आई।
इस संबंध में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि गांधी नगर आंगनबाड़ी केंद्र पर सेविका एवं सहायिका के बीच पूर्व से विवाद चल रहा है। सोमवार को केंद्र की जांच के लिए एलएस प्रियंका कुमारी पहुंची थीं। इसी दौरान सहायिका गुट के लोगों ने एलएस पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
वहीं, एलएस प्रियंका कुमारी ने बताया कि वह नियमित रूटीन जांच के लिए आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची थीं। जांच के दौरान केंद्र पर एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था। इसके बाद उन्होंने नियमानुसार केंद्र की रिपोर्ट शून्य बनाकर भेज दी। रिपोर्ट भेजे जाने के बाद सहायिका गुट के लोगों ने हंगामा और हो-हल्ला शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद सेविका, एलएस तथा अन्य लोगों को सुरक्षित रूप से थाना लाया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
इधर, थाना पहुंची सेविका ने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मी द्वारा उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इस आरोप के संबंध में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद ही मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इधर सहायिका गुट ने आरोप लगाया कि केंद्र नियमित रूप से नहीं चलती हैं। हम लोग जब इसके बारे में कहते हैं कि नियमित रूप से केंद्र चले तो हमारे विरुद्ध थाना में चोरी का मामला दर्ज कर दिया गया हैं।



