HomeBIHARमोतिहारीविश्व ओजोन दिवस पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

विश्व ओजोन दिवस पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

-ओजोन परत की सुरक्षा के लिए पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने पर जोर

माला सिन्हा

पीपराकोठी : पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय, पीपराकोठी में विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को ओजोन परत के महत्व, इसके क्षरण के कारणों तथा संरक्षण के उपायों के प्रति जागरूक करना था. कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया. महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. कुंदन किशोर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को ओजोन परत की संरचना, महत्व एवं इसके क्षरण से उत्पन्न होने वाले पर्यावरणीय प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इसके संरक्षण के लिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार आवश्यक है. उन्होंने ओजोन परत के क्षरण के प्रमुख कारणों तथा इससे जुड़े पर्यावरणीय खतरों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया. डॉ. किशोर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया. कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. कार्यक्रम में डॉ. आर.बी. शर्मा एवं डॉ. प्रवीण कुमार आदि मौजूद थे.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular