प्रखंड कार्यालय के चक्कर से आम लोगों को मिलेगी मुक्ति : प्रमोद
माला सिन्हा
पीपराकोठी : बीरछपरा पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर लगाया गया. इसका उद्घाटन विधायक प्रमोद कुमार, बीडीओ दिनेश कुमार सिंह और मुखिया हेमंत कुमार ने दीप जलाकर किया. शिविर में कई विभागों के स्टॉल लगे थे, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और योजनाओं से जुड़ी जानकारी अफसरों को दी. विधायक प्रमोद कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की एक खास योजना है. इसका मकसद सरकारी योजनाओं और अलग-अलग विभागों की सेवाओं को पंचायत तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. विधायक ने आगे कहा कि पंचायतों में ही शिविर लगाकर जुड़े विभागों के अफसर लोगों की समस्याएं हल कर रहे हैं. पंचायत सचिव आलोक कुमार बैठा ने बताया कि शिविर में अलग-अलग समस्याओं से जुड़े 10 आवेदन मिले. इनमें से दो आवेदनों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया. स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए शिविर में आये मरीजों की जांच हुई और उनका इलाज किया गया. पंचायत सचिव ने बताया कि शिविर के जरिए ग्रामीणों को एक ही जगह पर अलग-अलग विभागों की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी और सुविधा दी गई. सरकार का मकसद पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं को जल्दी हल करना है.



