HomeBIHARबेतियाबेलवा मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन ने युवक को कुचला, मौत

बेलवा मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन ने युवक को कुचला, मौत

एनएच-727 पर लौरिया से घर लौटते समय हुआ हादसा, अज्ञात वाहन चालक फरार।

देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।

लौरिया। एनएच-727 के लौरिया-बगहा मुख्य मार्ग पर बेलवा मोड़ के समीप रविवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान चौतरवा थाना क्षेत्र के बाबू परसौनी निवासी कोकिला मुखिया के 21 वर्षीय पुत्र प्रदीप मुखिया के रूप में हुई है।

बताया गया कि प्रदीप किसी काम से लौरिया आया था। काम निपटाने के बाद वह शाम में घर लौट रहा था। इसी दौरान बेलवा मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कौशल किशोर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी।

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेजा जा रहा है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है।

लगातार हादसों से ग्रामीणों में आक्रोश

एनएच-727 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने, संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular