देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर रविवार को हरसिद्धि प्रखंड के मानिकपुर में भाजपा मंडल पदाधिकारियों एवं अभियान से जुड़े सभी विषयों के संयोजक-सह-संयोजकों की बैठक हुई।
बैठक में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले में सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरेन्द्र कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष निकेश सिंह चौहान, महेन्द्र साहनी, किसान मोर्चा के विधानसभा प्रभारी दिलीप गुप्ता, संजय साह, झुना कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



